बीजापुर। बढ़ती गर्मी के बीच जिला मुख्यालय बीजापुर में आम लोगों के लिए लगाए गए वाटर कूलर लंबे समय से खराब पड़े हैं, जिससे पेयजल व्यवस्था प्रभावित हो रही है। जिम्मेदारों को कई बार शिकायत के बावजूद अब तक एक भी मशीन दुरुस्त नहीं हो पाई है।
जानकारी के अनुसार, बीजापुर के मुख्य मार्गों और नए बस स्टैंड सहित विभिन्न स्थानों पर कुल पांच वाटर कूलर लगाए गए थे। लेकिन रखरखाव के अभाव में ये सभी मशीनें अब कबाड़ में तब्दील होती नजर आ रही हैं। नया बस स्टैंड, सी-मार्ट, इंद्रा मार्केट और कलेक्टर कार्यालय जैसे प्रमुख स्थानों पर लगे कूलर बंद पड़े हैं।
नगर पालिका परिषद के जनप्रतिनिधियों का कहना है कि परिषद की बैठकों में कई बार इस मुद्दे को उठाया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या इन वाटर कूलरों की अनदेखी सरकारी धन की बर्बादी नहीं है।
इस मामले में नगर पालिका के सीएमओ बंशीलाल नुरेटी ने बताया कि मशीनों के कुछ पार्ट्स की कमी है, जिन्हें मंगाया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही सभी वाटर कूलर ठीक कर दिए जाएंगे।
फिलहाल, गर्मी बढ़ने के साथ लोगों को पेयजल के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और वे जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं।





