May 18, 2026

बीजापुर के अंकित सकनी ने UPSC 2025 में हासिल की 816वीं रैंक | CM विष्णु देव साय ने वीडियो कॉल कर दी बधाई

रायपुर। बस्तर संभाग के बीजापुर जिले के भैरमगढ़ विकासखंड के छोटे से ग्राम गुदमा के युवा अंकित सकनी ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 में 816वीं रैंक हासिल कर न केवल अपने परिवार और गांव का, बल्कि पूरे बस्तर संभाग और छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है।

इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अंकित सकनी और उनके माता-पिता से वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत कर उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने अंकित की सफलता को प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायी बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद अंकित ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प से यह साबित कर दिया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और लगातार प्रयास किया जाए तो सफलता जरूर मिलती है।

उन्होंने कहा कि बीजापुर जैसे दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्र के छोटे से गांव से निकलकर देश की सबसे कठिन मानी जाने वाली UPSC परीक्षा में सफलता हासिल करना गौरव और प्रेरणा का विषय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अंकित की यह उपलब्धि बस्तर क्षेत्र के युवाओं के लिए भी सकारात्मक संदेश है कि वे भी अपने सपनों को साकार कर सकते हैं।