July 29, 2026

बिलासपुर: कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, रतनपुर की दुकानों से 180 क्विंटल अमानक खाद जब्त

बिलासपुर। जिले में अमानक खाद के खिलाफ कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रतनपुर क्षेत्र की विभिन्न दुकानों से लगभग 180 क्विंटल अमानक खाद जब्त किया है। यह कार्रवाई कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर की गई, जिसके बाद क्षेत्र के खाद-बीज विक्रेताओं में हड़कंप मच गया है।

दुकानों और समितियों की जांच में खुलासा

किसानों को गुणवत्तायुक्त खाद-बीज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग की टीम ने रतनपुर क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई दुकानों और सहकारी समितियों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।

जांच के दौरान सेवा सहकारी समिति चपोरा में भंडारण और रिकॉर्ड में गड़बड़ियां पाई गईं। वहीं, मेंसर्स गुप्ता ग्रेन मर्चेंट रतनपुर और सेवा सहकारी समिति रतनपुर में भी अभिलेखों में खामियां उजागर हुईं।

इसके अलावा उन्नत कृषि सेवा केंद्र रतनपुर में खाद के विक्रय और भंडारण से संबंधित नियमों के उल्लंघन की पुष्टि हुई।

180 क्विंटल खाद जब्त, नोटिस जारी

अनियमितताओं के आधार पर कृषि विभाग ने कुल 180 क्विंटल अमानक खाद जब्त किया है और संबंधित दुकानदारों व संस्थाओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

आगे की कार्रवाई जारी

कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद-बीज उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।