बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से ब्लैकमेलिंग का चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां गुरुद्वारे के एक रागी ने एआई तकनीक का इस्तेमाल कर कारोबारी परिवार की महिलाओं की अश्लील तस्वीरें बनाईं और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर 20 लाख रुपये वसूल लिए। अब आरोपी 20 करोड़ रुपये की मांग कर रहा है।
कीर्तन सिखाने के बहाने बढ़ाई नजदीकी
जानकारी के अनुसार, आरोपी मनिंदर सिंह धन गुरुनानक दरबार गुरुद्वारे में रागी था और कीर्तन करता था। इसी दौरान उसकी पहचान एक कारोबारी परिवार से हुई। उसने महिला और उसकी 18 वर्षीय बेटी को कीर्तन सिखाने के बहाने परिवार का विश्वास जीत लिया।
AI से बनाई अश्लील तस्वीरें, फिर शुरू किया ब्लैकमेल
जब परिवार ने उधारी के नाम पर पैसे देना बंद किया, तो आरोपी ने एआई की मदद से महिला, उसकी बहन और नाबालिग बेटी की फर्जी अश्लील तस्वीरें तैयार कर लीं। इसके बाद सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप में वायरल करने की धमकी देकर अलग-अलग किश्तों में करीब 20 लाख रुपये वसूल लिए।
20 करोड़ की नई डिमांड, लगातार धमकी
कुछ समय बाद आरोपी ने 20 करोड़ रुपये की मांग शुरू कर दी। रकम नहीं देने पर वह लगातार धमकियां देता रहा और एआई से अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की बात कहने लगा। डर के कारण पीड़ित परिवार बिलासपुर छोड़कर रायपुर चला गया।
तलवार लेकर घर पहुंचा आरोपी
आरोप है कि आरोपी रायपुर के तेलीबांधा स्थित घर पर तलवार लेकर पहुंच गया और जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान परिवार ने किसी तरह 2 लाख रुपये देकर अपनी जान बचाई।
मामला ट्रांसफर, आरोपी फरार
पीड़ित परिवार ने रायपुर के तेलीबांधा थाने में शून्य पर एफआईआर दर्ज कराई थी, जिसे बाद में बिलासपुर के सिविल लाइन थाना ट्रांसफर कर दिया गया है। शिकायत के बाद गुरुद्वारा कमेटी ने आरोपी को नौकरी से निकाल दिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी अमृतसर फरार हो गया है और वहीं से लगातार धमकियां दे रहा है।
जांच जारी
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है। यह मामला एआई तकनीक के दुरुपयोग का गंभीर उदाहरण बनकर सामने आया है।





