बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में 1 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से बनी सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। मस्तूरी ब्लॉक के ग्राम पंचायत अमगांव के आश्रित ग्राम आमाकोनी से बहतरा तक बनाई गई करीब एक किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण के कुछ ही दिनों बाद उखड़ने लगी है। हालत यह है कि सड़क की डामर की परतें हाथ से ही निकल रही हैं। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक सड़क निर्माण का ठेका पीडब्ल्यूडी निर्माण एजेंसी द्वारा ठेकेदार अतुल शुक्ला को दिया गया था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण में मुरूम की जगह मिट्टी का इस्तेमाल किया गया और घटिया सामग्री से सड़क बनाई गई। सड़क पूरी तरह तैयार भी नहीं हुई थी कि जगह-जगह से गिट्टियां निकलने लगीं।

मामले की जानकारी मिलने पर जनपद सभापति, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री और सरपंच मौके पर पहुंचे और सड़क का निरीक्षण किया। सड़क की खराब हालत देखकर जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी जताई और कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर तकनीकी जांच की मांग की।
जनप्रतिनिधियों ने सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों की मिलीभगत का आरोप लगाया है। उन्होंने निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।





