July 29, 2026

बिलासपुर में आंगनबाड़ी सुपरवाइजर पर भ्रष्टाचार के आरोप, कार्यकर्ताओं ने बताया आरोप निराधार, जांच की मांग

बिलासपुर। जिले के मुंगेलीनाका क्षेत्र में पदस्थ आंगनबाड़ी सुपरवाइजर मनप्रीत कौर छाबड़ा पर कथित भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के आरोप लगाए गए हैं। कार्यकर्ता कोमल यादव ने आरोप लगाया है कि उनसे हर महीने सैलरी से एक हजार रुपये की कटौती और अन्य रूप से पैसे की मांग की जाती थी, जिसकी शिकायत उन्होंने संबंधित विभाग में की है।

हालांकि इस मामले में अब उसी क्षेत्र की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं सुपरवाइजर के समर्थन में सामने आई हैं। उन्होंने आरोपों को पूरी तरह झूठा और भ्रामक बताते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।

ज्ञापन में कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे लंबे समय से सुपरवाइजर मनप्रीत कौर छाबड़ा के अधीन कार्य कर रही हैं और उनके खिलाफ लगाए गए अवैध वसूली के आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है। उनका कहना है कि सुपरवाइजर ने कभी भी किसी से आर्थिक दबाव नहीं बनाया और सभी कार्य विभागीय नियमों के अनुसार ही कराए गए हैं।

कार्यकर्ताओं का यह भी दावा है कि आरोप लगाने वाली कार्यकर्ता और उनकी सहायिका ने भी बाद में इन आरोपों को गलत बताया है, जिससे यह मामला व्यक्तिगत विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है।

उन्होंने विभाग से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके और बिना आधार के किसी पर कार्रवाई न हो।

फिलहाल महिला एवं बाल विकास विभाग से मामले की जांच और आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।