बिलासपुर। बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में होली की रात एक युवती के साथ दुष्कर्म के प्रयास और लूट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी युवती को जबरन वाहन में बैठाकर सुनसान जंगल क्षेत्र में ले गया और वारदात को अंजाम देने की कोशिश की।
घर छोड़ने का झांसा देकर किया अगवा
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 22 मार्च को शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि 3 मार्च की रात बन्नाक चौक के पास खड़ी थी, तभी ‘मझला’ नाम का युवक उसे घर छोड़ने का झांसा देकर जबरन वाहन में बैठाकर ले गया।
जंगल में दुष्कर्म का प्रयास
आरोप है कि आरोपी युवती को गोखले नाला के आगे स्थित सुनसान जंगल में ले गया, जहां उसने जबरन दुष्कर्म करने की कोशिश की। युवती के विरोध और शोर मचाने पर आरोपी अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सका।
विरोध करने पर हमला और लूट
पीड़िता के अनुसार, विरोध करने पर आरोपी ने शराब की बोतल से उसके सिर पर हमला किया, जिससे वह घायल हो गई। इसके बाद आरोपी उसका मोबाइल, करीब 800 रुपए नगद और अन्य सामान लूटकर फरार हो गया। जाते समय उसने जान से मारने की धमकी भी दी।
19 दिन बाद दर्ज हुई शिकायत
घटना के बाद तबीयत खराब होने के कारण पीड़िता तुरंत शिकायत दर्ज नहीं करा सकी। करीब 19 दिन बाद उसने हिम्मत जुटाकर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई।
जांच जारी, आरोपी की तलाश
सिरगिट्टी पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश जारी है।
यह घटना क्षेत्र में कानून व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।





