बिलासपुर। जिले के चकरभाठा थाना क्षेत्र में ऑटो रिक्शा में रखे बैग से सोने के जेवर चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने ऑटो चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम बुंदेला निवासी भगवती कौशिक (29) ने शिकायत में बताया कि 15 जुलाई को वह अपनी बड़ी बहन और बुआ के साथ ऑटो से अमेरी जा रही थीं। चकरभाठा स्थित ओम साईराम ज्वेलर्स के सामने ऑटो चालक गेदराम निराला के कहने पर उन्होंने अपना बैग ऑटो में ही छोड़ दिया और कृष्णा सोसायटी में सामान खरीदने चली गईं।
बैग से गायब मिले सोने के जेवर
करीब डेढ़ घंटे बाद तीनों वापस लौटीं और उसी ऑटो से अमेरी पहुंच गईं। अगले दिन बैग की जांच करने पर उसमें रखा करीब 15 ग्राम वजनी सोने का मंगलसूत्र, सोने के ईयर रिंग और सोने का चोकर माला गायब मिला।

CCTV फुटेज में कैद हुई वारदात
पीड़िता का आरोप है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने पर ऑटो चालक उनकी गैरमौजूदगी में बैग से जेवर निकालते हुए दिखाई दिया। इसके बाद जब उन्होंने चालक से पूछताछ की तो उसने पहले टालमटोल की, लेकिन बाद में जेवर वापस करने का आश्वासन दिया।
सरपंच प्रतिनिधि के सामने स्वीकार किया आरोप, फिर फरार
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने गांव के सरपंच प्रतिनिधि के सामने चोरी की बात स्वीकार करते हुए जेवर के बदले नकद राशि या अन्य गहने देने की पेशकश की। इसके बाद वह बैंक से पैसे निकालने का बहाना बनाकर पीड़िता को अपने एक रिश्तेदार के घर ले गया और वहां से छत के रास्ते फरार हो गया।
पुलिस जांच जारी
चकरभाठा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है तथा फरार आरोपी की तलाश जारी है।





