बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बेलगहना चौकी क्षेत्र में छठी कार्यक्रम के दौरान हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अमर सिंह पेन्द्रो के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि आरोपी रोहित पोर्ते, दीपक पोर्ते और प्रदीप वाकरे ने शराब के नशे में छठी कार्यक्रम में आने का विरोध किया। इसी बात को लेकर उनका अमर सिंह से विवाद हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।
आरोप है कि तीनों आरोपियों ने अमर सिंह के साथ बेरहमी से मारपीट की और उसे करीब 60 से 65 मीटर तक सीसी रोड पर घसीटा। इस दौरान मृतक की पत्नी ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी नहीं माने। गंभीर रूप से घायल अमर सिंह किसी तरह घर पहुंचा, जहां उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही एफएसएल टीम के साथ पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बेलगहना चौकी एवं कोटा पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।





