बिलासपुर। शहर में बढ़ते बाइक चोरी के मामलों के बीच एसीसीयू को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बिलासपुर, जांजगीर और दुर्ग में सक्रिय गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर चोरी की 6 बाइक बरामद की गई हैं, साथ ही तीन खरीददारों को भी पकड़ा गया है। गिरोह का मास्टरमाइंड महज 19 साल का युवक बताया जा रहा है।
रजनेश सिंह के निर्देश पर टीम ने करीब 300 सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों का रूट चार्ट तैयार किया। जांच में मस्तूरी क्षेत्र के वेद वेदपरसदा निवासी मुख्य आरोपी साहिल मरावी का सुराग मिला। दबिश देकर उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर अलग-अलग जिलों से बाइक चोरी करने की बात कबूल की।
पंकज पटेल ने बताया कि आरोपियों ने बिलासपुर के सरकंडा, सिविल लाइन और कोतवाली क्षेत्र से चार, दुर्ग के मोहन नगर से एक और जांजगीर जिले से एक बाइक चोरी की थी। पुलिस ने गिरोह से करीब दो लाख रुपए कीमत की छह बाइक बरामद की है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी चोरी की बाइक को 20 से 25 हजार रुपए में बिना दस्तावेज गांव के लोगों को बेच देते थे। पुलिस ने खरीददारों को भी आरोपी बनाया है। इस कार्रवाई के बाद एसएसपी ने टीम को कैश रिवार्ड देने की घोषणा की है।





