July 27, 2026

बर्ड फ्लू के चलते 10 किमी दायरे में मांस दुकानें बंद, व्यापारियों ने जताई आर्थिक चिंता

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद प्रशासन द्वारा 10 किलोमीटर के दायरे में मांस दुकानों और पोल्ट्री कारोबार पर रोक लगा दी गई है। इससे जुड़े व्यापारियों के सामने आर्थिक संकट गहराता जा रहा है। अपनी मांगों को लेकर बिलासपुर पोल्ट्री एसोसिएशन ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।

15 दिनों से बंद दुकानें, बढ़ी परेशानी
व्यापारियों का कहना है कि पिछले करीब 15 दिनों से उनकी दुकानें बंद हैं, जिससे परिवार का पालन-पोषण करना मुश्किल हो गया है। पहले नवरात्रि के दौरान प्रतिबंध के कारण कारोबार प्रभावित रहा, और अब बर्ड फ्लू के चलते पूरी तरह ठप हो गया है।

हर दिन 2 करोड़ के नुकसान का दावा
पोल्ट्री फार्म संचालकों और मुर्गा व्यापारियों ने दावा किया है कि उन्हें प्रतिदिन लगभग 2 करोड़ रुपए का नुकसान हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि नियमों का पालन करते हुए दुकानें खोलने की अनुमति दी जाए, ताकि उनका कारोबार फिर से शुरू हो सके।

केंद्रीय टीम ने किया निरीक्षण
इधर, बर्ड फ्लू की स्थिति का जायजा लेने के लिए केंद्रीय जांच समिति की चार सदस्यीय टीम सोमवार को बिलासपुर पहुंची। टीम ने हॉटस्पॉट कुक्कुट पालन केंद्र का दौरा किया और कंटेनमेंट जोन का निरीक्षण कर जमीनी हालात का आकलन किया।

रिपोर्ट के बाद लिया जाएगा फैसला
फिलहाल प्रशासन आगे की कार्रवाई को लेकर केंद्रीय टीम की रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मांस दुकानों और पोल्ट्री कारोबार को लेकर कोई अंतिम निर्णय लिया जाएगा।