बिलासपुर। बिलासपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर चलती BMW कार में स्टंट और रील बनाने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में एक युवती चलती कार के सनरूफ से बाहर निकलकर डांस करती नजर आ रही है। यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाते इस वीडियो को गंभीरता से लेते हुए चकरभाठा पुलिस ने कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो में वाहन क्रमांक CG 10 CA 3999 (BMW) हाईवे पर दौड़ती दिखाई दे रही है। कार में सवार युवक-युवती सनरूफ से बाहर निकलकर रील बनाते नजर आए। वीडियो इंस्टाग्राम समेत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल होने लगा।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने वाहन चालक की पहचान प्रतीक लूथर (36 वर्ष), पिता संजय लूथर, निवासी शुभम विहार, मंगला बिलासपुर के रूप में की। बताया गया कि उसने अपनी महिला मित्र के साथ यह वीडियो बनाया था।
वीडियो सामने आने के बाद चकरभाठा पुलिस ने तत्काल वाहन को ट्रेस कर जब्त कर लिया। वहीं चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने यातायात नियमों के उल्लंघन की बात स्वीकार की है।
पुलिस के मुताबिक मामले में लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने और सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने लोगों से सड़क पर स्टंट और रील बनाने से बचने की अपील की है, क्योंकि इससे खुद की और अन्य लोगों की जान खतरे में पड़ सकती है।





