बिलासपुर। जिले के कोटा थाना क्षेत्र अंतर्गत पथर्रा गांव में एक 27 वर्षीय बाउंसर की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि पत्नी से कथित संबंधों के शक में एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर पहले बाउंसर की आंखों में मिर्च पाउडर झोंका और फिर पत्थर से सिर कुचलकर उसे मौत के घाट उतार दिया। गंभीर रूप से घायल युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, पथर्रा निवासी निखिल गोस्वामी बिलासपुर के एक बार में बाउंसर के रूप में कार्यरत था। बुधवार रात वह अपने दो दोस्तों के साथ अमने मोड़ के पास बैठा था। इसी दौरान तीन-चार युवक बाइक पर सवार होकर वहां पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपियों में शामिल भोला मानिकपुरी को देखकर निखिल ने उसे नाम लेकर आवाज दी, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि भोला मानिकपुरी और उसके साथियों ने पहले निखिल की आंखों और चेहरे पर मिर्च पाउडर फेंक दिया। अचानक हुए हमले से निखिल असहाय हो गया, जबकि उसके साथ मौजूद दोनों साथी मौके से भाग निकले। इसके बाद आरोपियों ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया।
पत्थर से किया ताबड़तोड़ हमला
मिर्च पाउडर डालने के बाद आरोपियों ने पास में पड़े भारी पत्थर से निखिल के सिर और शरीर पर कई वार किए। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा। स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया। हालांकि इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
प्रेम प्रसंग और चरित्र शंका का एंगल
घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी मधुलिका सिंह और कोटा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान मृतक के भाई ने पुलिस को बताया कि आरोपी भोला मानिकपुरी को अपनी पत्नी और निखिल के बीच कथित प्रेम संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और मुख्य आरोपी भोला मानिकपुरी समेत अन्य फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस प्रेम प्रसंग, चरित्र शंका और पुरानी रंजिश सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।





