बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर से मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कुछ लोग एक्सीडेंट के बाद कार सवार युवक-युवती की पिटाई करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है।
तिफरा में ई-रिक्शा को मारी टक्कर
जानकारी के मुताबिक, पूरा मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के तिफरा का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि कार सवार युवक और युवती ने सवारी से भरे ई-रिक्शा को टक्कर मार दी थी।
हादसे के बाद कार सवार युवक-युवती के कार के अंदर ही कथित तौर पर किस करने का वीडियो सामने आने की बात कही जा रही है। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों और कार सवारों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और कुछ लोगों ने कार सवारों की पिटाई कर दी।
वीडियो के आधार पर जांच कर रही पुलिस
पुलिस के मुताबिक, फिलहाल मामले में किसी पक्ष की ओर से शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को संज्ञान में लेते हुए पुलिस उसकी जांच और पुष्टि कर रही है।
पुलिस का कहना है कि वीडियो की जांच के बाद घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी। इसके आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





