बिलासपुर: जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति के पास से लाखों रुपये नगद बरामद किए हैं। पुलिस ने 17 लाख 90 हजार रुपये कैश जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बेलगहना पुलिस और एसीसीयू बिलासपुर की टीम क्षेत्र में गश्त और एक मामले की विवेचना के दौरान थी। इसी दौरान सूचना मिली कि टेंगनमाड़ा रेलवे स्टेशन के पास एक व्यक्ति दो सूटकेस और एक पिट्ठू बैग के साथ संदिग्ध हालत में घूम रहा है।
सूचना पर तत्काल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह को अवगत कराया गया। उनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह और सीएसपी निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में टीम ने कार्रवाई की।
पुलिस टीम ने ग्राम टेंगनमाड़ा रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम पवन बजाज (35 वर्ष), निवासी बिलासपुर बताया।
तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद दो सूटकेस और एक पिट्ठू बैग से 10, 20 और 50 रुपये के नए नोटों के कुल 81 बंडल बरामद किए गए। गिनती करने पर कुल रकम 17 लाख 90 हजार रुपये पाई गई।
पुलिस ने रकम को संदिग्ध मानते हुए जब्त कर लिया है। फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह पैसा किस स्रोत से आया और कहीं किसी अपराध से जुड़ा तो नहीं है।





