बिलासपुर। बिलासपुर सेंट्रल जेल के किचन में काम कर रहे एक कैदी ने हंसिया से अपना गला रेतकर आत्महत्या की कोशिश की। गंभीर हालत में जेल कर्मचारियों ने उसे तुरंत सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। गला रेतने के कारण कैदी फिलहाल बातचीत नहीं कर पा रहा है, इसलिए घटना के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
जानकारी के अनुसार, पेंड्रा निवासी विकास कश्यप हत्या के मामले में पिछले दो वर्षों से केंद्रीय जेल में सजा काट रहा है। पारिवारिक विवाद में अपनी दादी की हत्या के मामले में वर्ष 2024 में उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। वर्तमान में उससे जेल के किचन में भोजन बनाने का काम लिया जा रहा था।

मंगलवार सुबह करीब 7 बजे विकास कश्यप अपने बैरक से जेल किचन में काम करने पहुंचा। इसी दौरान सब्जी काटने के लिए उपयोग किए जाने वाले हंसिया से उसने अचानक अपना गला रेत लिया। वहां मौजूद अन्य कैदियों ने उसे लहूलुहान हालत में तड़पता देखा और तुरंत जेल अधिकारियों को सूचना दी।
घटना की खबर मिलते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। जेल अधीक्षक, जेलर सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और एम्बुलेंस के जरिए घायल कैदी को तत्काल सिम्स अस्पताल भेजा गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है। फिलहाल पुलिस और जेल प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं। कैदी के होश में आने के बाद ही घटना के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।





