बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर केंद्रीय जेल में रविवार को एक बंदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। नहाने के दौरान पैर फिसलने से सिर में गंभीर चोट लगने के बाद बंदी को तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान तखतपुर निवासी जनकराम साहू (62) के रूप में हुई है, जो हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था।
नहाते समय फिसलकर सिर में लगी गंभीर चोट
जानकारी के अनुसार, जनकराम साहू रविवार सुबह केंद्रीय जेल परिसर में स्नान कर रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह पत्थर से टकराकर गिर पड़ा। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट आई। जेल प्रशासन ने तत्काल उसे सिम्स अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जांच में जुटा जेल प्रशासन
घटना के बाद जेल प्रबंधन ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि बंदी फिसलन की वजह से गिरा या हादसे के पीछे कोई अन्य कारण था।
फिसलन की वजह तलाश रही जांच
जेल अधीक्षक ने बताया कि जांच की जा रही है कि जिस स्थान पर बंदी गिरा, वहां काई जमने से फिसलन थी या फिर दुर्घटना की कोई अन्य वजह रही। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।





