July 31, 2026

बिलासपुर सेंट्रल जेल में फिर कैदी की मौत, संदिग्ध परिस्थितियों में उम्रकैद के बंदी ने तोड़ा दम

बिलासपुर। बिलासपुर केंद्रीय जेल से एक बार फिर कैदी की मौत का मामला सामने आया है। कुछ दिन पहले एक बंदी की मौत के बाद अब हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे एक अन्य कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद जेल प्रबंधन की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, तखतपुर निवासी जनकराम साहू हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा था। सोमवार तड़के वह वॉशरूम जाने के लिए बैरक से निकला था। इस दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गिर पड़ा। इसके बाद वह किसी तरह वापस बैरक पहुंचा, जहां उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी।

बंदी की हालत गंभीर होने पर उसे ई-3 बैरक से जेल अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए सिम्स अस्पताल रेफर किया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। लगातार कैदियों की हो रही मौतों ने एक बार फिर बिलासपुर केंद्रीय जेल की सुरक्षा व्यवस्था और स्वास्थ्य प्रबंधन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।