बिलासपुर। सेंट्रल जेल में मंगलवार सुबह एक बड़ी और सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां ई-1 बैरक में एक विचाराधीन बंदी की हत्या कर दी गई। जेल के भीतर हुई इस वारदात से प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9:30 बजे बैरक में बंद आरोपी राजेश राय ने अचानक दूसरे बंदी नीलू जगत पर सीमेंट के ढक्कन से हमला कर दिया। हमले में नीलू गंभीर रूप से घायल हो गया। जेल प्रशासन ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक नीलू जगत नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में जेल में बंद था। वहीं आरोपी राजेश राय पहले से ही ट्रिपल मर्डर और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामलों में सजा काट रहा है। फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
घटना के बाद जेल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जेल प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। बैरक में मौजूद अन्य बंदियों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।
इस वारदात ने सेंट्रल जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही हत्या के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।





