बिलासपुर। बिलासपुर सेंट्रल जेल से आरोपियों का रील बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने का गंभीर मामला सामने आया है। वायरल वीडियो में मस्तूरी गोलीकांड के आरोपी खुद को ‘डॉन’ और दबंग अंदाज में पेश करते नजर आ रहे हैं, जिससे जेल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, आरोपियों से मुलाकात करने आए साथियों ने मुलाकात कक्ष के बाहर से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया। वीडियो के वायरल होते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
गौरतलब है कि करीब 5 माह पहले मस्तूरी में कांग्रेस नेता और जनपद उपाध्यक्ष नितेश सिंह पर फायरिंग की घटना हुई थी। इस मामले में युवा कांग्रेस नेता विश्वजीत अनंत, उसके भाइयों और अन्य साथियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। फिलहाल सभी आरोपी बिलासपुर सेंट्रल जेल में बंद हैं।
वायरल रील में आरोपियों को दबंग और प्रभावशाली दिखाने की कोशिश की गई है, जिससे कानून-व्यवस्था और जेल प्रबंधन पर सवाल उठने लगे हैं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जेल प्रशासन ने तत्काल आरोपियों की मुलाकात पर रोक लगा दी है और मुलाकात कक्ष में तैनात स्टाफ को हटा दिया गया है। साथ ही जेल अधीक्षक ने रील बनाने और वायरल करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
इसके अलावा, अब मुलाकात के लिए आने वाले लोगों की सख्त जांच मेटल डिटेक्टर से किए जाने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी जेल में गैंगवार, नशाखोरी और अन्य अनियमितताओं की शिकायतें सामने आ चुकी हैं। ऐसे में यह घटना एक बार फिर जेल व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है।





