May 18, 2026

चेन लूटने वाले दो बदमाश गिरफ्तार, गिरवी रखी ज्वेलरी से लिया था गोल्ड लोन

बिलासपुर। शहर में युवती से चेन लूटने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एसीसीयू और सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों बदमाशों को दबोचा। आरोपियों ने लूटी हुई चेन एक निजी बैंक में गिरवी रखकर 80 हजार रुपए का गोल्ड लोन लिया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।

घटना 23 मार्च की रात की है, जब लिंक रोड स्थित वैष्णवी विहार निवासी युवती अपने भाई के साथ रेलवे स्टेशन से घर लौट रही थी। रामा पोर्ट के पास स्कूटी पंक्चर होने के कारण दोनों धीरे-धीरे आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान दो बदमाशों ने उनका पीछा किया और मदद के बहाने चेन छीन ली। आरोपी शेख सलमान डिवाइडर कूदकर फरार हो गया, जबकि उसका साथी आकाश नायक बाइक लेकर भाग निकला।

शिकायत के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें आरोपी इलेक्ट्रिक ऑटो में घूमते नजर आए। साइबर सेल की मदद से लोकेशन ट्रेस कर पुलिस ने देवरीखुर्द और तारबाहर क्षेत्र में घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने वारदात से पहले इलेक्ट्रिक ऑटो को किनारे खड़ा किया और बाइक से टारगेट तलाश कर लूट को अंजाम दिया। वारदात के बाद बाइक छिपाकर दोनों ऑटो से फरार हो गए थे।