बिलासपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार 2 मई को बिलासपुर दौरे पर रहेंगे। वे स्व. बीआर यादव एस्ट्रोटर्फ मैदान, बहतराई में आयोजित ऑल इंडिया वुमन हॉकी टूर्नामेंट का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम के लिए सीएम दोपहर 3:10 बजे रायपुर से रवाना होंगे और 4 बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। वे शाम 4:55 बजे रायपुर लौटेंगे।
अस्पताल में इलाज के दौरान आरक्षक की मौत, परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाया
बिलासपुर। सरकंडा थाने में पदस्थ आरक्षक सत्या पाटले की श्रीराम केयर हॉस्पिटल में पथरी ऑपरेशन के बाद मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि रात में तबीयत बिगड़ने पर डॉक्टर और स्टाफ को सूचना दी गई, लेकिन कोई नहीं पहुंचा। इलाज में लापरवाही के कारण मौत होने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
20 दिनों तक कई ट्रेनें रद्द, यात्रियों को परेशानी
बिलासपुर। गोंदिया स्टेशन पर इंफ्रास्ट्रक्चर कार्य के चलते दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने 3 मई से 22 मई तक कई मेमू और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द कर दिया है। इसमें रायपुर-बिलासपुर, कोरबा-रायपुर और टाटानगर-इतवारी जैसी ट्रेनें शामिल हैं। कुछ ट्रेनों को बीच रास्ते में ही समाप्त किया जाएगा, जिससे यात्रियों को असुविधा होगी।
जांजगीर में दुष्कर्म मामले में आरोपी को 10 साल की सजा
जांजगीर-चांपा। शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामले में न्यायालय ने आरोपी को 10 वर्ष के सश्रम कारावास और अर्थदंड की सजा सुनाई है। आरोपी ने पीड़िता को शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक शोषण किया था।
कोरबा में करंट से बंदर की मौत
कोरबा। कोसाबाड़ी क्षेत्र में 11 केवी तार की चपेट में आने से एक बंदर की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में बिजली आपूर्ति बाधित हुई। स्थानीय लोगों और गौ सेवकों ने मृत बंदर का अंतिम संस्कार किया।





