मोबाइल हैकिंग से रेलवे कर्मचारी के खाते से 1.14 लाख की ठगी
बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र में मोबाइल हैकिंग के जरिए एक रेलवे कर्मचारी के बैंक खाते से 1 लाख 14 हजार 997 रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
प्रार्थी मो. मोइनुल हक, निवासी कासिमपारा मस्जिद के पास, तोरवा ने पुलिस को बताया कि वह रेलवे विभाग में ट्रेन मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। उनका एयरटेल मोबाइल नंबर भारतीय स्टेट बैंक, शाखा तोरवा जगमल चौक के खाते से लिंक है।
27 जनवरी को उनके मोबाइल में फोनपे एप काम करना बंद हो गया। 31 जनवरी को बैंक जाकर खाते का स्टेटमेंट निकलवाने पर पता चला कि अलग-अलग तारीखों में कई बार राशि निकाली गई है। कुल मिलाकर 1,14,997 रुपये की अवैध निकासी हुई।
पीड़ित का आरोप है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका मोबाइल हैक कर डिजिटल भुगतान माध्यम से धोखाधड़ी की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर साइबर सेल की मदद से जांच शुरू कर दी है।
कोतरलिया से किरोड़ीमल नगर के बीच चौथी लाइन पर चलेगी ट्रेनें
बिलासपुर। कोतरलिया से रायगढ़, रायगढ़ से किरोड़ीमल नगर और किरोड़ीमल नगर से भूपदेवपुर के बीच चौथी रेल लाइन का काम पूरा होने के बाद सीआरएस ने परिचालन की अनुमति दे दी है।
रेलवे के अनुसार, इस लाइन पर मालगाड़ियों के साथ यात्री ट्रेनों का परिचालन भी जल्द शुरू किया जाएगा। बिलासपुर-झारसुगुड़ा रेलखंड के बीच 206 किलोमीटर लंबी विद्युतीकृत चौथी रेल लाइन परियोजना को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है।
परियोजना के तहत 26.1 किलोमीटर लंबी नई विद्युतीकृत चौथी रेल लाइन का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है।
पैसे दोगुना करने के झांसे में ठगी, फिर लूट: 4 आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र में हाईवे-130 पर हुई लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई स्विफ्ट डिजायर कार, तीन मोबाइल फोन और करीब 8 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह ने बताया कि यह घटना 1 फरवरी की रात लगभग 3.35 बजे की है। प्रार्थी विजय कुमार राज अपनी महिला रिश्तेदारों के साथ मेला देखकर लौट रहे थे। इसी दौरान पेशाब के लिए वाहन रोकते ही आरोपियों ने हमला कर लूट की वारदात को अंजाम दिया।
जांच में सामने आया कि प्रार्थी ने आरोपियों को तंत्र-मंत्र और पूजा-पाठ के जरिए पैसे दोगुने करने का झांसा देकर 2.5 लाख रुपये की ठगी की थी। राशि वापस नहीं मिलने पर आरोपियों ने लूट की योजना बनाई।
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
झांसा देने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई: DIG
बिलासपुर। उप पुलिस महानिरीक्षक रजनेश सिंह ने चेतावनी दी है कि झाड़-फूंक, तंत्र-मंत्र या पैसे दोगुने करने का झांसा देने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कोनी और सीपत में अवैध शराब के साथ 3 कोचिए गिरफ्तार
बिलासपुर। कोनी और सीपत थाना पुलिस ने अवैध शराब बनाने और बेचने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
कोनी थाना क्षेत्र में जलसो निवासी अजय वर्मा उर्फ जनता को 125 लीटर महुआ शराब और शराब बनाने के सामान के साथ पकड़ा गया। वहीं सीपत पुलिस ने दो आरोपियों को महुआ और देशी प्लेन शराब के साथ गिरफ्तार किया है।
तीनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है।
फर्जी ई-चालान भेजकर महिला से 6.83 लाख की ऑनलाइन ठगी
बिलासपुर। फर्जी ई-चालान भेजकर एक महिला से 6 लाख 83 हजार 807 रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। तोरवा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता अनिता साहू के मोबाइल पर परिवहन ऐप के नाम से चालान का मैसेज आया। एप डाउनलोड कराने के बहाने कई बार ट्रांजेक्शन कर रकम निकाल ली गई।





