बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में पुरानी रंजिश को लेकर बदमाशों ने दो युवकों पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने पहले तेज रफ्तार मालवाहक वाहन से उन्हें कुचलने की कोशिश की, फिर पाइप, डंडे और धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने मामले में एक नाबालिग सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पहले वाहन से टक्कर, फिर किया जानलेवा हमला
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे लिंगियाडीह निवासी आदित्य महंत और रवि गंधर्व अपोलो चौक के पास खड़े थे। इसी दौरान चिंगराजपारा की ओर से आए एक छोटे हाथी मालवाहक ने कथित तौर पर उन्हें जानबूझकर टक्कर मार दी। इसके बाद वाहन से उतरे आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और कुछ ही देर में अन्य साथी भी मौके पर पहुंच गए।
डंडे और धारदार हथियार से बेरहमी से पीटा
आरोपियों ने आदित्य और रवि पर डंडे, पाइप और धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में आदित्य के सिर, कान और सीने में गंभीर चोटें आईं, जबकि रवि की आंख और पैरों में गंभीर चोट लगी। दोनों घायलों को तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान
घटना के बाद निखिल ध्रुव की शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और घायलों के बयान के आधार पर पुलिस ने सन्नी उर्फ बउवा अहिरवार, संजय उर्फ संजू विश्वकर्मा, मुकेश उर्फ मुक्की यादव, राहुल उर्फ छोटू यादव तथा एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है।
तलवार जब्त, कई धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक तलवार भी जब्त की है। सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं तथा आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।





