July 23, 2026

बिलासपुर में नाबालिगों से दुष्कर्म के दो मामले, एक आरोपी शिक्षक गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

बिलासपुर। जिले में नाबालिग लड़कियों से दुष्कर्म के दो अलग-अलग मामले सामने आने से सनसनी फैल गई है। एक मामला तोरवा थाना क्षेत्र का है, जहां एक नाबालिग लड़की के साथ कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म किया गया। वहीं दूसरे मामले में सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के एक निजी स्कूल के शिक्षक पर छात्रा से दुष्कर्म का आरोप लगा है। पुलिस ने दोनों मामलों में कार्रवाई शुरू कर दी है।

दो दिन से लापता थी नाबालिग, स्टेशन में मिली

तोरवा थाना क्षेत्र की रहने वाली एक नाबालिग बच्ची दो दिनों से लापता थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। इस दौरान बच्ची स्टेशन क्षेत्र में बदहाल हालत में मिली। पहचान के लिए परिजनों को बुलाया गया, जिसके बाद उसे उनके सुपुर्द किया गया।

नाबालिग ने दोस्तों के साथ किया अनाचार

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि एक नाबालिग लड़का उसे घुमाने के बहाने अपने साथ ले गया। इसके बाद सुनसान जगह पर ले जाकर अपने दो अन्य साथियों के साथ उसके साथ अनाचार किया। पुलिस ने मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य दो आरोपियों की तलाश जारी है।

छात्रा से दुष्कर्म के आरोप में शिक्षक गिरफ्तार

दूसरा मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र का है। पीड़िता के पिता ने शिकायत दर्ज कराई है कि एक निजी स्कूल के शिक्षक ने उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर दुष्कर्म किया। आरोपी शिक्षक की पहचान राहुल बंगारू के रूप में हुई है।

किताब दिलाने के बहाने होटल ले गया

पुलिस के अनुसार घटना दिसंबर 2025 की है। आरोप है कि शिक्षक ने अकेले घर लौट रही छात्रा को पुस्तक दिलाने का झांसा देकर होटल ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। डर के कारण छात्रा ने लंबे समय तक इस घटना की जानकारी किसी को नहीं दी।

परिजनों को बताने के बाद हुआ खुलासा

बाद में छात्रा ने हिम्मत जुटाकर पूरी घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी। शिकायत मिलने के बाद सिरगिट्टी पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी शिक्षक को हिरासत में ले लिया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।