May 18, 2026

बिजली बिल के नाम पर साइबर ठगी: APK फाइल डाउनलोड करते ही खाते से पैसे पार

बिलासपुर। शहर में साइबर ठगों का नया तरीका सामने आया है, जहां अब आरटीओ और ट्रैफिक चालान के बाद बिजली बिल अपडेट के नाम पर APK फाइल भेजकर लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। चकरभाठा और सिविल लाइन थाना क्षेत्र में ऐसे दो मामले सामने आए हैं, हालांकि अब तक किसी ने औपचारिक एफआईआर दर्ज नहीं कराई है।

जानकारी के अनुसार, चकरभाठा थाना क्षेत्र के हाईकोर्ट आवासीय परिसर निवासी यश राज सिंह को व्हाट्सएप पर “बिल अपडेट APK” नाम से फाइल भेजी गई। जैसे ही उन्होंने फाइल डाउनलोड की, उनका मोबाइल हैक हो गया और खाते से 62 हजार रुपए कट गए।

वहीं सिविल लाइन क्षेत्र की कस्तूरबा नगर निवासी भूमिका चौहान के मोबाइल पर भी इसी तरह की फाइल आई। फाइल डाउनलोड करते ही उनका फोन हैक हो गया और खाते से रकम निकल गई। उन्होंने मामले की शिकायत राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो के पोर्टल पर दर्ज कराई है।

दरअसल, छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड उपभोक्ताओं को हर महीने व्हाट्सएप के जरिए बिजली बिल भेजती है। इसी का फायदा उठाकर साइबर ठग फर्जी APK फाइल भेज रहे हैं। जानकारी के अभाव में लोग फाइल डाउनलोड कर लेते हैं और ठगी का शिकार बन जाते हैं।

पुलिस और साइबर विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान APK फाइल को डाउनलोड न करें और केवल आधिकारिक ऐप या वेबसाइट का ही उपयोग करें।