1. ऑनलाइन गेमिंग सट्टा के दो आरोपी गिरफ्तार, 45 लाख का सामान जब्त
बिलासपुर। एसीसीयू साइबर और सिविल लाइन पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग सट्टा पर बड़ी कार्रवाई की। बिलासपुर से भाग कर रायपुर में छिपकर रह रहे दो खाईवालों को दबिश देकर गिरफ्तार किया गया। इनके पास से लगभग सात लाख रुपये नकद और कार, लैपटॉप, मोपेड समेत करीब 45 लाख रुपये का सामान जब्त किया गया।
इसमें एक खाईवाल, राजेश उर्फ राजा बजाज, के लिए पुलिस ने 5,000 रुपये का इनाम घोषित किया था। अब तक इस मामले में तीन खाईवालों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पूर्व में पकड़े गए मनोज पोपटानी ने पूछताछ में बताया कि वह और उसके साथी राजा बजाज, प्रदीप खत्री मिलकर बिलासपुर, रायपुर और अन्य महानगरों में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर मोटी रकम कमा रहे थे।
2. अवैध पेड़ कटाई पर वन विभाग का बड़ा अभियान, जेसीबी, डोजर और ट्रैक्टर जब्त
लोरमी। खुड़िया वन परिक्षेत्र के ग्राम बघ में संरक्षित वनभूमि में अवैध पेड़ कटाई कर खेत बनाने के मामले में वन अधिकारियों ने कार्रवाई की। मौके से एक जेसीबी, एक डोजर और तीन ट्रैक्टर जब्त किए गए।
अधिकारियों के मुताबिक, जेसीबी ऑपरेटर राकेश यादव और अन्य वाहन मालिकों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 33 क ग के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। कार्रवाई में वन अधिकारियों के साथ पुलिस और राजस्व विभाग के कर्मचारी शामिल रहे।
3. वाटर प्लांट निरीक्षण, हजारों बॉटल और पाउच जब्त
बिलासपुर। नवरात्रि और गर्मी के मौसम के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने सघन जांच की। सीपत स्थित गंगोत्री मिनरल वाटर प्लांट का निरीक्षण कर पानी के नमूने लिए गए और मिथ्याछाप पाए जाने पर बड़ी मात्रा में बॉटल और पाउच जब्त किए गए।
इसके अलावा सेवई, साबूदाना और दाल के नमूने जांच के लिए भेजे गए। रतनपुर के मां महामाया मंदिर में प्रसाद की गुणवत्ता जांची गई और हानिकारक रंग वाले उत्पाद नष्ट किए गए।
4. खूंटाघाट जलाशय के पास ग्लास हाउस और कॉटेज का निर्माण
बिलासपुर। कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव के सवाल पर पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने बताया कि खूंटाघाट क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के लिए लगभग 20 करोड़ रुपये की योजना तैयार है।
पूर्व प्रस्तावित स्थल पर निर्माण तकनीकी कारणों से संभव नहीं था। अब नए स्थल पर 1 हेक्टेयर भूमि में कॉटेज, हॉस्टल और अन्य पर्यटन सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
5. स्टेशन पर अवैध वेंडर पकड़े गए
बिलासपुर। रेलवे स्टेशन परिसर में अवैध वेंडिंग गतिविधियों पर कार्रवाई करते हुए पांच अवैध वेंडरों को पकड़ा गया। निरीक्षक रेसुब आरके राठौर और टीम ने उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की।
6. अवैध खनिज परिवहन पर कार्रवाई, 5 हाइवा और 3 ट्रैक्टर जब्त
बिलासपुर। खनिज विभाग ने अवैध परिवहन पर कार्रवाई की। अलग-अलग इलाकों से कुल 5 हाइवा और 3 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए गए। यह वाहन रेत, मुरूम और मिट्टी का अवैध परिवहन कर रहे थे।
7. कोरोना काल में काम करने वालों को नई भर्ती में बोनस अंक का अधिकार
बिलासपुर। हाईकोर्ट ने निर्देश दिया कि कोविड-19 महामारी के दौरान निजी संस्था के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग में कार्य करने वाले भी नई भर्ती में बोनस अंक पाने के हकदार होंगे।
याचिकाकर्ता सुनील कुमार मरकाम ने जय अम्बे इमरजेंसी सर्विस प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से काम किया था। उन्हें फार्मासिस्ट पद के लिए 60 दिन में नियुक्ति देने का आदेश दिया गया।





