बिलासपुर। डामर ट्रांसपोर्टिंग के नाम पर ढाई लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। थाना सिविल लाइन क्षेत्र अंतर्गत शांतिनगर निवासी प्रदीप डाबरा ने शिकायत दर्ज कराई कि बाबजी पार्क रिंग रोड नंबर-2 निवासी रामसेवक सिंह ने जुलाई 2022 में लैंडमार्क इंजीनियर शांतिनगर के संचालक निशांत जैन से डामर परिवहन के लिए 2 लाख 50 हजार रुपए नकद प्राप्त किए थे। लेकिन रामसेवक सिंह ने न तो कार्य किया और न ही राशि लौटाई। बार-बार मांग करने पर आरोपी ने 4 सितंबर 2022 को एचडीएफसी बैंक का 2.50 लाख रुपये का चेक दिया, जो 14 अक्टूबर 2022 को बाउंस हो गया। रकम लौटाने पर आरोपी ने निशांत जैन को गंदी गालियाँ दीं और जान से मारने की धमकी भी दी। थाना सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी और चेक बाउंस से संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।
सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशानुसार आईगॉट कर्मयोगी प्लेटफॉर्म के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए 13 फरवरी को संभाग स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित होगा। यह कार्यशाला कोनी स्थित चेतना सभा कक्ष में संभागायुक्त सुनील जैन की अध्यक्षता में होगी। राज्य स्तर से अवर सचिव एवं नोडल अधिकारी अंजू सिंह अधिकारियों को प्रशिक्षण देंगी। इसमें बिलासपुर जिले के आईएएस और राज्य प्रशासनिक सेवा अधिकारी प्रत्यक्ष रूप से शामिल होंगे, जबकि अन्य जिलों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़ेंगे। प्रशिक्षण का उद्देश्य डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म के उपयोग को बढ़ावा देना और प्रशासनिक दक्षता में सुधार लाना है।
बिलासपुर में तोरवा पुलिस और एसीसीयू टीम ने बुधवारी बाजार के पास अंतरराज्यीय गांजा तस्कर को 10 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया। पकड़ा गया आरोपी मझबलिया, बिहार का निवासी आमोद प्रसाद बरई उर्फ अमोद चैरसिया बताया गया। पूछताछ में उसने गांजा को संबलपुर, उड़ीसा से लाना स्वीकार किया। आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय पेश किया गया। थाना प्रभारी अभय सिंह बैस ने बताया कि आरोपी पहली बार शहर में गांजा खपाने के लिए आया था।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का 70वां विशिष्ट रेल सेवा एवं रेल सेवा पुरस्कार महाप्रबंधक स्तर समारोह शुक्रवार शाम 5 बजे सेकेरसा ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। मुख्य अतिथि महाप्रबंधक तरूण प्रकाश होंगे। इसमें अधिकारियों और कर्मचारियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया जाएगा। विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार के अंतर्गत 51 कर्मचारियों और 9 अफसरों को सम्मानित किया जाएगा, जबकि रेल सेवा पुरस्कार में एक अफसर और 12 कर्मचारियों को सम्मान मिलेगा। विभिन्न विभागों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 20 मेजर शील्ड और 38 माइनर शील्ड प्रदान की जाएंगी।





