बिलासपुर। शहर के दयालबंद क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने पति, सास-ससुर और परिवार के अन्य सदस्यों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के ग्राम मधुपुर निवासी अखिलेश कुमार ने बिलासपुर एसएसपी से शिकायत करते हुए बताया कि उनकी बहन अदिति मौर्या की शादी वर्ष 2019 में दयालबंद निवासी रविकांत मौर्या के साथ हुई थी। दंपति का डेढ़ वर्ष का एक बच्चा भी है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शादी के बाद से ही अदिति को घरेलू हिंसा और प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा था। परिजनों का कहना है कि अदिति अक्सर पति और ससुराल पक्ष से अपनी जान को खतरा होने की बात बताती थी।
मृतका के भाई का आरोप है कि 23 जून को अदिति के साथ मारपीट की गई, जिसके बाद उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि घटना के बाद साक्ष्य छिपाने का प्रयास किया गया और शव को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मायके पक्ष ने पति रविकांत मौर्या, सास-ससुर और ननद पर साजिश के तहत हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों ने सभी आरोपियों को तत्काल हिरासत में लेकर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





