बिलासपुर।
न्यायधानी बिलासपुर में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। रतनपुर थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे स्थित गहलोत ढाबे में आधी रात तीन बदमाशों ने चाकू की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देकर गल्ले से नकदी लूट ली और बीच-बचाव करने पहुंचे कर्मचारी के साथ डंडे, स्टील पाइप और मुक्कों से बेरहमी से मारपीट की।
पुलिस के मुताबिक, नवापारा स्थित गहलोत ढाबे में देर रात तीन युवक पहुंचे और शराब की मांग करने लगे। ढाबा संचालक द्वारा शराब देने से इनकार करने पर विवाद शुरू हो गया। इस दौरान आरोपियों ने चाकू निकालकर कर्मचारियों को धमकाया। बीच-बचाव करने पहुंचे कर्मचारी विजेंद्र कमल के साथ मारपीट करने के बाद आरोपी गल्ले से 4,500 रुपये लूटकर फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर रतनपुर थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने करैहापारा क्षेत्र में दबिश देकर वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई 4,500 रुपये की नकदी बरामद कर ली है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल चाकू, लाठी और अन्य साक्ष्य भी जब्त किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास उर्फ विक्कू रावत, शनि उर्फ राजा कश्यप और ब्यासनारायण उर्फ छोटू के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ रतनपुर थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।





