बिलासपुर। जिले के मस्तूरी स्थित सेवा सहकारी समिति गतौरा में 28.51 लाख रुपए के धान घोटाले का बड़ा मामला सामने आया है। जांच में यह खुलासा हुआ कि जिम्मेदार पदाधिकारियों ने कागजों में धान खरीदी दिखाकर सरकारी धन का गबन किया।
919 क्विंटल धान गायब, जांच में खुलासा
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान धान खरीदी में अनियमितता की शिकायत मिलने पर संयुक्त जांच दल ने केंद्र का भौतिक सत्यापन किया। इस दौरान स्टॉक रजिस्टर और गोदाम में भारी अंतर पाया गया। मौके पर कुल 919.96 क्विंटल धान गायब मिला, जिससे शासन को 28.51 लाख रुपए का नुकसान हुआ।
तीन आरोपी गिरफ्तार, जुर्म कबूला
पुलिस जांच में सामने आया कि प्रबंधक कोमल चंद्राकर, प्राधिकृत अध्यक्ष राजेंद्र राठौर और कंप्यूटर ऑपरेटर हुलेश्वर धीरही ने आपस में मिलीभगत कर घोटाले को अंजाम दिया। तीनों ने सरकारी रिकॉर्ड में हेराफेरी कर धान की बंदरबांट की।
पूछताछ में तीनों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
दो और संदिग्ध, जांच जारी
पूछताछ के दौरान धान खरीदी प्रभारी लव कुमार यादव समेत दो अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं। पुलिस अब इनकी भूमिका और लेन-देन की गहन जांच कर रही है।
कोरबा में शोभायात्रा के दौरान बड़ा हादसा
इधर कोरबा जिले में हनुमान जन्मोत्सव की शोभायात्रा के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। कलाकारों द्वारा आग का करतब दिखाने के दौरान मुंह से निकला आग का गोला एक महिला कलाकार पर जा गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई।
महिला समेत तीन कलाकार झुलसे
महिला को बचाने के प्रयास में दो अन्य कलाकार भी आग की चपेट में आ गए। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह आग बुझाई और घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है।
दुष्कर्म मामले में 20 साल की सजा
बिलासपुर न्यायालय ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर उत्तर प्रदेश ले जाकर दुष्कर्म करने वाले आरोपी को 20 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। कोर्ट ने आरोपी पर अर्थदंड भी लगाया है।
बिजली कटौती से लोग परेशान
शुक्रवार को शहर के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। दोपहर से रात तक कई बार ट्रिपिंग की समस्या सामने आई। कुछ क्षेत्रों में 7 बार बिजली गुल होने से लोग गर्मी में परेशान रहे।
सड़क हादसे: बाल-बाल बचे लोग
सिरगिट्टी क्षेत्र में ब्रेक फेल मेटाडोर बाइक को टक्कर मारते हुए नाले में जा घुसा। हादसे में सवार लोग बाल-बाल बच गए, हालांकि बाइक सवार को चोट आई है।
NH-49 पर बड़ा एक्सीडेंट
नेशनल हाईवे-49 पर रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रेलर ने कार को टक्कर मार दी। हादसे में एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है।
अवैध शराब पर कार्रवाई
मुंगेली जिले में आबकारी विभाग ने कार्रवाई करते हुए 7.2 लीटर देशी शराब बरामद की। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।





