July 30, 2026

डायल-112 के आरक्षक पर डंडे से हमला, सिर और आंख में गंभीर चोट

बिलासपुर। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात डायल-112 के एक आरक्षक पर शराब के नशे में धुत युवक ने डंडे से हमला कर दिया। हमले में आरक्षक के सिर और आंख में गंभीर चोटें आई हैं। घायल पुलिसकर्मी का इलाज सिम्स अस्पताल में जारी है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन थाने में पदस्थ डायल-112 के आरक्षक मोरज सिंह (बैच नंबर 788) अपनी टीम के साथ देर रात कुदुदंड क्षेत्र में पहुंचे थे। यहां सागर छात्रवानी अपने पिता मुन्ना छात्रवानी के साथ घरेलू विवाद को लेकर गाली-गलौज और मारपीट कर रहा था।

सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और विवाद को शांत कराने के साथ ही सागर के पिता को सुरक्षित करने का प्रयास किया। इसी दौरान शराब के नशे में मौजूद सागर छात्रवानी की पुलिसकर्मियों से बहस हो गई।

देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी ने अपने पास रखे डंडे से आरक्षक मोरज सिंह पर हमला कर दिया। हमले में आरक्षक के सिर और आंख में गंभीर चोट लगी। घटना के बाद घायल पुलिसकर्मी को तत्काल उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी सागर छात्रवानी को हिरासत में ले लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।