बिलासपुर। जिला न्यायालय बिलासपुर को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। धमकी भरा ईमेल मिलते ही पुलिस और प्रशासन अलर्ट हो गया।
सूचना के बाद बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची और पूरे कोर्ट परिसर की सघन जांच शुरू की गई। पुलिस न्यायालय के अंदर और बाहर हर कोने की बारीकी से तलाशी ले रही है।
सुरक्षा के मद्देनजर कोर्ट परिसर में आने-जाने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और रूटीन चेकिंग के साथ अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
बताया जा रहा है कि यह लगातार तीसरी बार है जब न्यायालय को इस तरह का धमकी भरा ईमेल मिला है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और मेल भेजने वाले की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें।





