September 4, 2026

बिलासपुर संभाग में पुलिस का बड़ा एक्शन: 3 पुलिसकर्मी रक्षित केंद्र भेजे गए, चोरी-नशे और हत्या के मामलों में कार्रवाई; 108 एंबुलेंस में गूंजी किलकारी

बिलासपुर में SSP का औचक निरीक्षण, शिकायतों के बाद 3 पुलिसकर्मी रक्षित केंद्र भेजे गए

बिलासपुर। एसएसपी रजनेश सिंह ने रविवार को तखतपुर थाने का आकस्मिक निरीक्षण कर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और बीट व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अवैध शराब, मारपीट और भूमि विवाद से जुड़े मामलों पर प्रभावी कार्रवाई करने के साथ अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए।

तखतपुर थाना क्षेत्र में कुल 79 ग्राम आते हैं, जिनमें 14 ग्रामों को झगड़ालू ग्राम के रूप में चिन्हांकित किया गया है। इन गांवों में अवैध शराब, मारपीट और भूमि विवाद से संबंधित शिकायतें अधिक मिलने पर एसएसपी ने थाना प्रभारी और पुलिस स्टाफ को विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।

लगातार शिकायतों के बाद कार्रवाई

निरीक्षण के दौरान थाना क्षेत्र में पदस्थ प्रकाश ठाकुर, ओंकार सिंह और आशीष वस्त्रकार के खिलाफ लगातार शिकायतें मिलने की बात सामने आई। बताया गया कि तीनों पुलिसकर्मी बार-बार अपनी पोस्टिंग तखतपुर थाने में करा लेते थे। अपराध नियंत्रण और जनसंपर्क को लेकर उनकी कार्यप्रणाली पर सवाल उठने के बाद तीनों को तत्काल प्रभाव से रक्षित केंद्र संबद्ध कर दिया गया।

एसएसपी ने अवैध शराब के कारोबार में बार-बार संलिप्त पाए जाने वाले आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और बाउंड ओवर की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बाउंड का उल्लंघन करने पर नियमानुसार राशि जब्त करने को कहा गया।

वहीं, अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त महिलाओं को महिला स्व-सहायता समूहों और शासन की योजनाओं से जोड़कर वैकल्पिक आजीविका उपलब्ध कराने की दिशा में काम करने के निर्देश भी दिए गए।

19 शिकायतों की भी हुई समीक्षा

निरीक्षण के दौरान सीएम हेल्पलाइन की 19 शिकायतों और चरित्र सत्यापन प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। एसएसपी ने सभी मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कोटा नूपुर उपाध्याय भी मौजूद रहीं।

108 एंबुलेंस में गूंजी किलकारी, रास्ते में महिला ने दिया बच्चे को जन्म

बिलासपुर। रायगढ़ से बिलासपुर आए एक दंपती के लिए 21 अगस्त की सुबह यादगार बन गई, जब प्रसव पीड़ा बढ़ने पर महिला ने 108 एंबुलेंस में ही बच्चे को जन्म दे दिया। कठिन परिस्थिति में EMT उमा साहू ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए सुरक्षित प्रसव कराया।

जानकारी के अनुसार रायगढ़ निवासी मनोज मानिकपुरी अपनी पत्नी कविता मानिकपुरी के साथ 21 अगस्त की सुबह करीब 7:10 बजे बिलासपुर आए थे। इसी दौरान कविता को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। परिजनों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही EMT उमा साहू और पायलट कुंदन यादव एंबुलेंस लेकर मौके पर पहुंचे और महिला को अस्पताल ले जाने लगे। रास्ते में प्रसव पीड़ा अचानक तेज हो गई। स्थिति को देखते हुए उमा साहू ने एंबुलेंस को सुरक्षित स्थान पर रुकवाया और प्रसव कराने की प्रक्रिया शुरू की।

प्रसव के दौरान बच्चे की नाल फंस जाने से स्थिति चुनौतीपूर्ण हो गई। इसके बावजूद EMT ने धैर्य और सूझबूझ से सुरक्षित प्रसव कराया। इसके बाद मां और नवजात को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में दोनों सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

कोरबा में सूने मकान को चोरों ने बनाया निशाना, CCTV खराब होने से सुरक्षा पर सवाल

कोरबा। शहर के घंटाघर-बुधवारी मार्ग स्थित पावर हाइट्स कॉलोनी में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने मकान की कुंडी तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कमरे व अलमारी खंगालकर सामान चोरी कर लिया।

चोरी की वारदात मून ब्लॉक निवासी विशाल गुप्ता के मकान में हुई है। वे बालको प्लांट में नियोजित LIPL ठेका कंपनी में अधिकारी हैं। बताया जा रहा है कि शनिवार रात रिश्तेदार के निधन की सूचना मिलने पर विशाल मकान में ताला लगाकर रवाना हुए थे। उनके जाने के कुछ ही घंटों बाद चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।

घटना के बाद कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। बताया जा रहा है कि कॉलोनी में लगे CCTV कैमरे खराब हैं, जिसके चलते चोरों की पहचान में पुलिस को परेशानी हो सकती है।

रायगढ़ में एक ही रात दो दुकानों में चोरी, छत में छेद कर लाखों का सामान ले उड़े चोर

रायगढ़। घरघोड़ा के जय स्तंभ क्षेत्र में चोरों ने एक ही रात दो बड़ी दुकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। चोरी संतोष किराना और गोकुल चंद मामराज दुकान में हुई है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक चोरों ने दुकानों की छत में छेद कर अंदर प्रवेश किया और सामान लेकर फरार हो गए। सुबह दुकान संचालकों को चोरी की जानकारी मिली, जिसके बाद घरघोड़ा पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की तलाश कर रही है।

शराब पीने के लिए पैसे नहीं दिए तो युवक पर चाकू से हमला, आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर एक युवक ने गाली-गलौज करते हुए चाकू से हमला कर दिया। घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के कुछ ही घंटे के भीतर तारबाहर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक प्रार्थी संतोष ध्रुव अपने घर के बाहर मौजूद था। इसी दौरान मोहल्ले का रहने वाला अनिकेश साहू उर्फ निक्की उर्फ बाला (24) वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा।

संतोष द्वारा पैसे देने से मना करने पर आरोपी ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए धारदार चाकू से उस पर हमला कर दिया। शिकायत मिलने के बाद तारबाहर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।

पुलिस टीम ने आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चाकू बरामद किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

बाइक की डिक्की में छिपाकर ले जा रहा था 2 किलो गांजा, आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। नवागढ़ पुलिस ने मोटरसाइकिल की डिक्की में रखकर गांजा ले जा रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 2 किलो गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख रुपये बताई गई है, बरामद किया गया।

पुलिस को 22 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खलील मोहम्मद, निवासी वार्ड क्रमांक 1 नवागढ़, अपनी मोटरसाइकिल की डिक्की में गांजा रखकर बिक्री के लिए ले जा रहा है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर आरोपी को मोटरसाइकिल समेत पकड़ लिया। तलाशी लेने पर बाइक की डिक्की से 2 किलो गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने आरोपी खलील मोहम्मद, उम्र 46 वर्ष, के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

गैर इरादतन हत्या मामले में फरार अंतिम आरोपी गिरफ्तार, पूर्व रंजिश में हुई थी मारपीट

बिलासपुर। गैर इरादतन हत्या के मामले में फरार चल रहे अंतिम आरोपी अनिल शर्मा को तोरवा थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर लिया है।

मामला 29 मई का है। पुलिस के अनुसार पूर्व रंजिश के चलते ईश्वर गोड के साथ मारपीट की गई थी। मारपीट में गंभीर रूप से घायल ईश्वर की इलाज के दौरान मौत हो गई थी।

इस मामले में पुलिस ने पहले ही मनोज वाडेकर, प्रत्युन साह और संतोष पासवान को गिरफ्तार कर लिया था। वहीं अनिल शर्मा फरार चल रहा था।

मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 105 और 3(5) BNS के तहत कार्रवाई की है।