March 5, 2026

बिलासपुर: ड्रोन कैमरे के जरिए नशे के अड्डों पर छापा, 10 युवकों को गिरफ्तार

बिलासपुर। जिले में नशे के खिलाफ अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए पुलिस ने ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल शुरू किया। बीती रात सिरगिट्टी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नशा कर रहे 10 युवकों को पकड़ लिया।

पुलिस ने अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए सीएसपी निमितेश सिंह और सिरगिट्टी थाना प्रभारी किशोर केंवट के नेतृत्व में कार्रवाई की। ड्रोन कैमरों की मदद से चुचुहियापारा, तिफरा और सिरगिट्टी के संवेदनशील इलाकों में सक्रिय नशे के अड्डों की पहचान की गई।

पुलिस ने एक साथ कई स्थानों पर दबिश देकर नशे में लिप्त लोगों को पकड़ लिया। कार्रवाई में हिरासत में लिए गए 10 युवकों को सार्वजनिक रूप से उठक-बैठक कर सख्त चेतावनी दी गई। उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की गई।

संदिग्ध रूप से घूम रहे कुछ लोगों को समझाइश देकर छोड़ दिया गया। पुलिस की इस अचानक कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।

पुलिस का बयान

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और तकनीक की मदद से अपराधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। स्थानीय लोगों ने भी इस कदम का स्वागत किया और इसे कानून-व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में अहम पहल बताया।