बिलासपुर। बिलासपुर पुलिस को नशीले पदार्थों के बड़े सप्लायर को पकड़ने में अहम सफलता मिली है। पहले की कार्रवाई में 34 ग्राम हेरोइन के साथ तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस ने पंजाब के तरनतारन जिले से मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया है।
34 ग्राम हेरोइन के साथ तीन आरोपी पहले ही गिरफ्तार
कुछ दिन पूर्व चकरभाठा पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने 34 ग्राम हेरोइन जब्त कर तीन आरोपियों — मोहित हिंदूजा (32), करन दीप सिंह (29) और आर. रजिंदर कुमार (35) — को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में खुलासा हुआ था कि करन दीप सिंह अन्य राज्य से हेरोइन लाकर मोहित हिंदूजा को देता था, जो रजिंदर कुमार के साथ मिलकर ऊंचे दामों पर बेचता था। तीनों को जेल भेजकर पुलिस सप्लाई चेन की जांच में जुटी थी।
पंजाब कनेक्शन: तरनतारन से मास्टरमाइंड गिरफ्तार
विवेचना के दौरान पुलिस को सप्लाई नेटवर्क का अहम सुराग मिला। इसके बाद टीम ने पंजाब के तरनतारन जिले के खेमकरण थाना क्षेत्र से मुख्य तस्कर बाला उर्फ बलराम सिंह सनियारे (63) को गिरफ्तार किया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी का गांव भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा से महज 200 मीटर की दूरी पर है। जांच में यह संकेत भी मिले हैं कि पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए पंजाब में नशीले पदार्थ गिराए जाते हैं, जिन्हें बाद में अलग-अलग राज्यों में सप्लाई किया जाता है। इसी नेटवर्क के जरिए हेरोइन बिलासपुर तक पहुंच रही थी।
आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर बिलासपुर लाया जा रहा है और उसे एनडीपीएस कोर्ट में पेश किया जाएगा।
होली से पहले सख्ती, ‘सूखे नशे’ पर खास नजर
होली पर्व को देखते हुए पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है। शराब और गांजा के साथ-साथ हेरोइन व सिंथेटिक ड्रग्स जैसे ‘सूखे नशे’ पर भी फोकस किया जा रहा है। आशंका है कि त्योहार से पहले बड़ी खेप खपाने की कोशिश हो सकती है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बाहरी राज्यों से जुड़े नेटवर्क को तोड़ने के लिए लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और जरूरत पड़ने पर अन्य राज्यों में भी दबिश दी जाएगी।
सीएसपी सिविल लाइन निमितेश सिंह के मुताबिक, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर मुख्य सप्लायर की पहचान कर गिरफ्तारी की गई है और पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।





