May 15, 2026

बिलासपुर में दर्दनाक हादसा: अभिलाषा परिसर की EWS बिल्डिंग से गिरे युवक-युवती, युवक की मौत, युवती गंभीर

बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के अभिलाषा परिसर स्थित EWS बिल्डिंग में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। तीन मंजिला इमारत की छत से एक युवक और युवती नीचे गिर गए, जिसमें युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल हो गई है। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से घायल युवती को सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है। युवक को भी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक युवक की पहचान चिरंजीव उर्फ चिंटू पांडेय (23) के रूप में हुई है, जो चोलामंडलम फाइनेंस कंपनी में कार्यरत था और साथ ही जोमैटो में डिलीवरी बॉय का काम भी करता था। वह यदुनंदन नगर क्षेत्र में रहता था। वहीं घायल युवती की पहचान गरिमा सिंह (22) के रूप में हुई है, जो सिटी कोतवाली क्षेत्र के गांधी चौक के पास रहती है और पहले शादी डॉट कॉम से जुड़ी कंपनी में काम कर चुकी है।

प्रेम प्रसंग की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था और वे एक-दूसरे को पहले से जानते थे। हालांकि घटना कैसे हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है कि यह हादसा है, आत्महत्या है या किसी अन्य परिस्थिति का परिणाम।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों को इससे पहले भी छत पर देखा गया था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है और उनसे भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल इस दर्दनाक घटना से इलाके में शोक और चर्चा का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी।