बिलासपुर। शहर में नकली सिगरेट के अवैध कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है। व्यापार विहार के मालधक्का क्षेत्र में डुप्लीकेट ‘गोल्ड फ्लैक’ ब्रांड की सिगरेट की सप्लाई की जा रही थी। दिल्ली से आई आईटीसी कंपनी की टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए इस पूरे रैकेट का भंडाफोड़ किया।
जानकारी के अनुसार, कंपनी की टीम को पहले से ही बिलासपुर में नकली सिगरेट की बिक्री की सूचना मिल रही थी। इसके बाद टीम शहर पहुंची और अलग-अलग पान ठेलों व दुकानों से सिगरेट के सैंपल इकट्ठा किए। जांच में सामने आया कि बाजार में बेची जा रही सिगरेट नकली है।
इसके बाद टीम ने सप्लाई चेन तक पहुंचने के लिए ग्राहक बनकर संपर्क किया। संपर्क के बाद उन्हें महाराणा प्रताप चौक के पास निगम कॉलोनी बुलाया गया, जहां से थोक स्तर पर सिगरेट की आपूर्ति की जा रही थी। मौके पर पहुंचकर टीम ने रोशन चंदानी की फर्म में रखे स्टॉक की जांच की, जिसमें पूरा माल नकली पाया गया।
कार्रवाई के दौरान करीब 5 लाख रुपये कीमत की चार कार्टून सिगरेट जब्त की गई। बताया जा रहा है कि आरोपी कारोबारी शहर के कई छोटे-बड़े दुकानदारों को थोक में नकली सिगरेट सप्लाई कर रहा था और इस कारोबार से रोजाना लाखों रुपये की कमाई की जा रही थी।
कार्रवाई के बाद टीम सिविल लाइन थाने पहुंची और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी देते हुए जब्त माल सुपुर्द किया। पुलिस अब मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।





