बिलासपुर। जिले में मातृत्व वंदन योजना का लाभ दिलाने का झांसा देकर महिलाओं से ठगी का मामला सामने आया है। शातिर ठग ने खुद को सिम्स अस्पताल का डॉक्टर बताकर बैंक डिटेल्स हासिल की और अलग-अलग खातों से कुल 88 हजार 400 रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर लिए।
मामला ग्राम भेड़ीमुड़ा का है, जहां चंचल कश्यप, ममता कश्यप और आकांक्षा कश्यप समेत कई महिलाएं स्वास्थ्य मितानिन के रूप में कार्यरत हैं। 9 अप्रैल को एक अज्ञात व्यक्ति ने उमादेवी कश्यप के मोबाइल पर कॉल कर खुद को जिला अस्पताल से डॉक्टर बताया और वार्ड क्रमांक 8 की मितानिन होने की पुष्टि की।
ठग ने चालाकी से कई हितग्राहियों—पिंकी सतनामी, तामेश्वरी कश्यप, दीपिका सिंह ठाकुर, रानी अनंत, डाली अनंत, पूजा कश्यप, पूर्णिमा यादव, खुशी कश्यप सहित अन्य महिलाओं की जानकारी देकर भरोसा जीत लिया। इसके बाद मातृत्व वंदन योजना के ₹6000 दिलाने का झांसा देकर महिलाओं को कॉल कॉन्फ्रेंस में जोड़ा गया।
आरोपी ने महिलाओं से उनके बैंक खाते में जमा राशि की जानकारी ली और कहा कि पहले खाते में ₹5000 जमा कराओ, तब योजना की राशि तुरंत ट्रांसफर होगी। ठग के झांसे में आकर महिलाओं ने अपने खातों में पैसे डलवाए, जिसके बाद उनके खातों से रकम ऑनलाइन कट गई।
एक अन्य मामले में आरोपी ने पैन कार्ड लिंक करने का झांसा देकर ममता कश्यप के खाते से भी राशि निकाल ली। वहीं आकांक्षा कश्यप के खाते से अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए करीब 80 हजार रुपए पार कर दिए गए।
घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया है। पीड़ित महिलाओं ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस अब मामले की जांच में जुटी है और लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल पर बैंक डिटेल्स साझा न करें।
सावधानी जरूरी: प्रशासन ने नागरिकों को चेतावनी दी है कि सरकारी योजनाओं के नाम पर आने वाले फोन कॉल्स से सतर्क रहें और किसी भी स्थिति में OTP, बैंक डिटेल्स या व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें।





