बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में फ्रिज ब्लास्ट से हुए भीषण आग हादसे में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घर में लगी आग की चपेट में आने से महिला जिंदा जल गई। घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार 57 वर्षीय जया अग्रवाल लिंगियाडीह स्थित साईं मंदिर के पीछे रहती थीं। बताया जा रहा है कि कुछ दिनों पहले ही उनके भाई का निधन हुआ था। जया अग्रवाल अपने मुंहबोले वकील भाई के साथ रहती थीं, जबकि उनका परिवार बेंगलुरु में रहता है।
रविवार देर रात अचानक घर में रखे फ्रिज में जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद घर में भीषण आग लग गई। धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। लोगों ने देखा कि गली के एक मकान से आग की लपटें उठ रही हैं।
स्थानीय लोगों ने पार्षद दिलीप पाटिल की मदद से बाल्टियों में पानी भरकर आग बुझाने की कोशिश की और तुरंत पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
आग बुझने के बाद जब घर के अंदर तलाशी ली गई तो जया अग्रवाल बुरी तरह झुलसी हुई हालत में मिलीं। तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
आसपास के लोगों ने बताया कि पहले तेज धमाके की आवाज आई थी, जिससे लोगों को लगा कि गैस सिलेंडर फटा है। हालांकि जांच में सामने आया कि हादसा फ्रिज में ब्लास्ट होने के कारण हुआ। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।





