July 27, 2026

वॉकी-टॉकी से पुलिस को चकमा, गांजा तस्करों की नई चाल; पायलटिंग कर रहा आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। जिले में गांजा तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए नया तरीका अपनाया है। अब तस्कर वॉकी-टॉकी के जरिए एक-दूसरे से संपर्क कर पुलिस की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं। रतनपुर पुलिस ने ऐसे ही एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो तस्करों की पायलटिंग कर रहा था।

घेराबंदी कर पकड़ा आरोपी
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पेंड्रा रोड की ओर से कार में गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम घासीपुर के पास घेराबंदी की। इस दौरान नीले रंग की कार को रोककर तलाशी ली गई।

3 किलो से ज्यादा गांजा और वॉकी-टॉकी बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस को 3 किलो 329 ग्राम गांजा, 2 वॉकी-टॉकी सेट और मोबाइल फोन मिला। आरोपी की पहचान सौरभ मिश्रा के रूप में हुई, जिसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

पायलटिंग कर बड़े तस्करों को दे रहा था सूचना
जांच में सामने आया कि आरोपी बड़े गांजा तस्करों की पायलटिंग कर रहा था। वह वॉकी-टॉकी के जरिए आगे चल रहे तस्करों को पुलिस नाकाबंदी और चेकिंग की जानकारी देता था, जिससे मुख्य वाहन रास्ता बदलकर फरार हो गया।

NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

3 किलोमीटर तक काम करता है नेटवर्क
जानकारी के अनुसार, वॉकी-टॉकी लगभग 3 किलोमीटर के दायरे में काम करता है। तस्कर इस तकनीक का इस्तेमाल कर रियल-टाइम में जानकारी साझा कर रहे हैं, जिससे पुलिस के लिए उन्हें पकड़ना चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है।

पुलिस अब फरार मुख्य तस्करों की तलाश में जुट गई है और इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों की भी जांच की जा रही है।