September 4, 2026

बिलासपुर शराब दुकान लूटकांड का खुलासा, कर्ज चुकाने रची थी साजिश; 3 आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

बिलासपुर। बिलासपुर के गतौरा स्थित शासकीय कम्पोजिट मदिरा दुकान में 3 अगस्त को हुई लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मस्तूरी पुलिस और ACCU बिलासपुर की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिल ध्रुव उर्फ अन्ना, पिंटू निषाद और सुशील निर्मलकर के रूप में हुई है। वहीं, मामले में शामिल एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

कर्ज चुकाने के लिए बनाई लूट की योजना

पुलिस के मुताबिक, आरोपी कर्ज में डूबे हुए थे और उसे चुकाने के लिए शराब दुकान में रखी नकदी लूटने की योजना बनाई थी। वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने गैस कटर, ग्राइंडर कटर मशीन, छेनी, रस्सी और चाकू समेत अन्य सामान जुटाए थे।

आरोपियों ने शुरुआत में मोपका स्थित शराब दुकान को निशाना बनाने की योजना बनाई थी, लेकिन वहां अधिक चहल-पहल होने के कारण उन्होंने अपना प्लान बदल दिया। इसके बाद आरोपी चिल्हाटी-फरहदा होते हुए गतौरा स्थित शराब दुकान पहुंचे।

तड़के 3:30 बजे नकाबपोशों ने बोला धावा

पुलिस के अनुसार, तड़के करीब 3:30 बजे नकाबपोश आरोपी शराब दुकान पहुंचे और वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों को चाकू दिखाकर धमकाया। आरोप है कि आरोपियों ने सुरक्षाकर्मियों के हाथ-पैर बांधकर उनके साथ मारपीट की। इसके बाद दुकान का ताला तोड़कर आरोपी अंदर दाखिल हुए।

आरोपियों ने ग्राइंडर कटर और छेनी की मदद से लॉकर तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन वे लॉकर खोलने में सफल नहीं हो सके। इसके बाद आरोपी शराब की बोतलें और सुरक्षाकर्मियों के दो मोबाइल फोन लूटकर मौके से फरार हो गए।

वारदात के दौरान साक्ष्य मिटाने के लिए आरोपी CCTV कैमरा और DVR भी अपने साथ ले गए। बाद में DVR को नदी में फेंक दिया गया।

तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

मामले की जांच में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और CCTV फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। इसके आधार पर पुलिस टीम आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर बाइक, स्कूटी, दो मोबाइल फोन, गैस कटर, ग्राइंडर कटर मशीन, छेनी, धारदार चाकू सहित वारदात में इस्तेमाल किए गए अन्य सामान बरामद किए गए हैं।

शराब दुकानों में कलेक्शन का काम कर चुका है फरार आरोपी

मामले में शामिल एक आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली है कि फरार आरोपी पूर्व में CMS Info System कंपनी में काम करता था और शासकीय शराब दुकानों से नगद राशि कलेक्शन का कार्य करता था। ऐसे में पुलिस को आशंका है कि आरोपी को शराब दुकानों में रखी जाने वाली नकदी और वहां की सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी थी। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद लूट की पूरी साजिश और उसकी भूमिका को लेकर और खुलासा होने की उम्मीद जता रही है।