बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पुलिस ने गौमांस रखने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई बेलगहना चौकी पुलिस द्वारा की गई, जहां आरोपी को उसके घर से पकड़ा गया।
घर के आंगन में काटते मिला मांस
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी, जिसके आधार पर टीम ने आरोपी सुरेश कुमार सोनवानी के घर दबिश दी। मौके पर वह आंगन में मांस काटते हुए पाया गया। पुलिस ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।
7 किलो गौमांस और औजार जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 7 किलो गौमांस और मांस काटने में इस्तेमाल होने वाला औजार भी जब्त किया है। पूछताछ में आरोपी ने गौमांस रखने की बात स्वीकार कर ली। उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कोर्ट में पेश करने की तैयारी की जा रही है।
पहले भी हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, हाल ही में रेलवे स्टेशन पर मां-बेटी को भी ट्रॉली बैग में छिपाकर गौमांस ले जाते हुए पकड़ा गया था। इस मामले में भी पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मांस कहां से लाया गया था और इसका उद्देश्य क्या था।
लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाई गई है और पुलिस जांच को आगे बढ़ा रही है।





