रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज बिलासपुर से गौधाम योजना का शुभारंभ करेंगे। इस योजना के तहत प्रदेश में 29 गौधामों का उद्घाटन किया जाएगा। राज्य सरकार ने घुमंतू और निराश्रित गौवंश के संरक्षण के लिए बड़ा लक्ष्य तय किया है। इसके तहत पूरे प्रदेश में 1460 गौधाम स्थापित करने की तैयारी की जा रही है। प्रत्येक गौधाम में करीब 200 गौवंश को रखने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि उनके संरक्षण और देखभाल को बेहतर बनाया जा सके।
बिलासपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के गुवाहाटी से पीएम किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त जारी की है। इसके तहत बिलासपुर जिले के 1 लाख 108 किसानों के खातों में 20 करोड़ 17 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए हैं। जिला स्तरीय कार्यक्रम कृषि विज्ञान केंद्र में आयोजित किया गया, जिसमें जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान किसानों को सरकार की योजनाओं का अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
बिलासपुर। राज्य लोक सेवा आयोग द्वारा संशोधित चयन सूची जारी किए जाने के बाद हाईकोर्ट ने 31 सिविल जजों की सीनियरिटी निर्धारित कर दी है। यह निर्णय दो संबंधित प्रकरणों में पारित आदेश के आधार पर लिया गया है। जारी सूची न्यायिक सेवा में सीनियरिटी और पदोन्नति के लिए मार्गदर्शक मानी जाएगी।
बिलासपुर। कोनी थाना क्षेत्र के सिंह ढाबा में देर रात नशे में धुत छह युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। बाइक से पहुंचे युवकों ने ढाबे में तोड़फोड़ की और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।
रायगढ़। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने के मामले में जनपद पंचायत लैलूंगा की दो ग्राम पंचायतों के सचिवों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। पंचायत चिराईखार के सचिव श्यामलाल सिदार और बैस्कीमुड़ा के सचिव अशोक कुमार पटेल से तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
रायगढ़। बरपाली जंगल में जुआ खेले जाने की सूचना पर कार्रवाई में लापरवाही पाए जाने पर प्रधान आरक्षक लक्ष्मीनारायण केंवट और चौकी प्रभारी रैरूमाखुर्द को लाइन अटैच कर दिया गया है। पुलिस की संयुक्त टीम ने जुआ रेड में चार जुआरियों को गिरफ्तार कर 5 मोटरसाइकिल, 3 मोबाइल और 10,600 रुपये नकद जब्त किए हैं।
सक्ति। भारतीय थल सेना में अग्निवीर भर्ती के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 1 अप्रैल 2026 तय की गई है। भर्ती के लिए अभ्यर्थियों की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 8वीं, 10वीं और 12वीं निर्धारित की गई है। ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम जून 2026 में आयोजित होने की संभावना है। इच्छुक अभ्यर्थी भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।





