बिलासपुर।
छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ जीआरपी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे स्टेशन से करीब 55 किलो गांजा जब्त किया है। इस कार्रवाई में दो महिलाओं समेत चार अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर मध्यप्रदेश के रीवा ले जा रहे थे। इसी दौरान बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी की टीम ने संदेह के आधार पर जांच की और चारों को दबोच लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 32 पैकेटों में रखा 55 किलो गांजा बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 27 लाख 57 हजार रुपये आंकी गई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी ओडिशा और मध्यप्रदेश के निवासी हैं। जीआरपी थाना बिलासपुर ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा तस्करी के इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं तथा मादक पदार्थ की आपूर्ति कहां-कहां की जानी थी।





