कोंडागांव। कोंडागांव जिले के पुलिस अधीक्षक (आईपीएस) पंकज चंद्रा ने अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली और नेतृत्व क्षमता से एक बार फिर छत्तीसगढ़ पुलिस का गौरव बढ़ाया है। उन्हें सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी, हैदराबाद द्वारा आयोजित 48वें आईपीएस इंडक्शन ट्रेनिंग कोर्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए “हाई अचीवमेंट सर्टिफिकेट” से सम्मानित किया गया है।
देशभर के टॉप-5 अधिकारियों में बनाई जगह
जानकारी के अनुसार, 6 अप्रैल से 15 मई 2026 तक आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में देशभर के अधिकारियों का मूल्यांकन कक्षा में सहभागिता, केस स्टडी, अनुशासन, व्यवहार और एमसीक्यू परीक्षा के आधार पर किया गया। सभी मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एसपी पंकज चंद्रा ने देश के शीर्ष पांच अधिकारियों में स्थान बनाया।
यह उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत प्रदर्शन का सम्मान है, बल्कि छत्तीसगढ़ पुलिस और कोंडागांव जिले के लिए भी गौरव का विषय मानी जा रही है।
केशकाल घाटी के ट्रैफिक प्रबंधन पर प्रस्तुत किया मॉडल
प्रशिक्षण के दौरान एसपी पंकज चंद्रा ने केशकाल घाटी के ट्रैफिक प्रबंधन पर विस्तृत प्रेजेंटेशन दिया। उन्होंने बढ़ते यातायात दबाव, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आधुनिक एवं प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन की कार्ययोजना प्रस्तुत की।
राष्ट्रीय पुलिस अकादमी के वरिष्ठ अधिकारियों और विशेषज्ञों ने उनके प्रेजेंटेशन की सराहना करते हुए इसे व्यावहारिक और दूरदर्शी बताया।
पुलिसिंग में कई नवाचार किए
कोंडागांव में पदस्थापना के दौरान एसपी पंकज चंद्रा ने अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने, साइबर अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई, सामुदायिक पुलिसिंग और जनविश्वास बढ़ाने जैसे कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उनकी योजनाबद्ध कार्यशैली और त्वरित निर्णय क्षमता को जिले की पुलिसिंग में सकारात्मक बदलाव का प्रमुख कारण माना जाता है।
पुलिस विभाग में खुशी की लहर
राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलने के बाद कोंडागांव पुलिस परिवार में हर्ष का माहौल है। जिले के राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और पुलिसकर्मियों ने एसपी पंकज चंद्रा को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में कोंडागांव पुलिस आगे भी उत्कृष्ट कार्य कर नई उपलब्धियां हासिल करती रहेगी।





