बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में नेशनल हाईवे पर रॉन्ग साइड से आ रहे एक ट्रेलर ने स्कॉर्पियो वाहन को टक्कर मार दी। इस हादसे में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा सकरी थाना क्षेत्र के संबलपुरी के पास हुआ। स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग ढाबे से लौट रहे थे। तेज रफ्तार ट्रेलर पहले एक अन्य ट्रेलर से टकराया और फिर गलत दिशा में आकर स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और चार लोगों की मौत हो गई।
मृतकों में छत्रपाल रात्रे, विशाल लहरे, अनमोल लहरे और देवेंद्र मिरी शामिल हैं। घायल शिक्षक चंद्रप्रकाश रात्रे को सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।





