बिलासपुर। शहर में 31 जनवरी को आयोजित होने जा रहे अखिल भारतीय हिंदू शौर्य कवि सम्मेलन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार के दौरान किए जा रहे अनाउंसमेंट को लेकर कई सामाजिक संगठनों ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है।

आरोप है कि आयोजन के प्रचार में यह कहा जा रहा है कि “कार्यक्रम में गैर हिंदुओं का प्रवेश वर्जित है”। इस बयान के सामने आने के बाद सामाजिक संगठनों ने इसे संविधान और सामाजिक सौहार्द के खिलाफ बताया है। संगठनों का कहना है कि सार्वजनिक स्थल पर इस तरह की शर्तों के साथ आयोजन समाज में विभाजन और तनाव पैदा कर सकता है।
इसके साथ ही पुलिस ग्राउंड जैसे सरकारी परिसर को इस आयोजन के लिए उपलब्ध कराए जाने पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। सामाजिक संगठनों ने प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
नियमों के उल्लंघन पर आयोजन रद्द हो सकता है: एसएसपी
विवाद बढ़ने के बाद पुलिस विभाग की ओर से प्रतिक्रिया सामने आई है। बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि सभी कार्यक्रमों को नियमों के तहत ही अनुमति दी जाती है। यदि किसी भी प्रकार का नियम उल्लंघन पाया गया तो आयोजकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों के उल्लंघन की स्थिति में आयोजन को रद्द भी किया जा सकता है।





