May 18, 2026

होली के बाद बढ़ीं स्किन और आंखों की समस्याएं, सिम्स में दो दिनों में 652 मरीज पहुंचे

Bilaspur। होली के रंगों का असर इस बार लोगों की सेहत पर भी देखने को मिला। मिलावटी और केमिकल युक्त रंगों के इस्तेमाल से कई लोगों को स्किन इंफेक्शन और आंखों से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ा। होली के बाद पिछले दो दिनों में बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए Chhattisgarh Institute of Medical Sciences (SIMS) पहुंचे।

अस्पताल के रिकॉर्ड के अनुसार दो दिनों में स्किन ओपीडी में 465 और आई ओपीडी में 187 मरीज, यानी कुल 652 मरीज उपचार के लिए पहुंचे। इनमें अधिकतर मरीज त्वचा संबंधी समस्याओं और आंखों में जलन, लालिमा व सूजन की शिकायत लेकर आए।

इन दो दिनों में सिम्स के स्किन, आई सहित अन्य विभागों की ओपीडी में कुल 2958 मरीजों ने इलाज कराया। गुरुवार को 1292 मरीज अस्पताल पहुंचे थे, जबकि शुक्रवार को यह संख्या बढ़कर 1666 हो गई।

एलर्जी, खुजली और जलन की शिकायत ज्यादा

स्किन विभाग में गुरुवार को 125 मरीज पहुंचे थे, जबकि शुक्रवार को यह संख्या बढ़कर 340 हो गई। वहीं नेत्र विभाग में गुरुवार को 72 मरीजों ने उपचार कराया, जबकि शुक्रवार को 115 मरीज आंखों में रंग जाने, जलन और सूजन की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचे।

डॉक्टरों के अनुसार होली में केमिकल युक्त रंगों के इस्तेमाल से इस तरह की समस्याएं बढ़ जाती हैं। ऐसे रंग त्वचा पर एलर्जी, खुजली और जलन का कारण बनते हैं। वहीं आंखों में चले जाने पर संक्रमण का खतरा भी बढ़ जाता है।

विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि होली में प्राकृतिक और सुरक्षित रंगों का इस्तेमाल करें तथा रंग खेलने के बाद त्वचा और आंखों को अच्छी तरह साफ करें, ताकि संक्रमण से बचा जा सके।