बिलासपुर। तिफरा स्थित हाउसिंग बोर्ड कार्यालय में एक युवक ने अपनी समस्या को लेकर ऐसा अनोखा विरोध किया कि मामला अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है।
तरुण साहू नाम के युवक ने उप संपदा अधिकारी के टेबल पर बादाम बिखेरते हुए कहा कि वह “याददाश्त तेज करने के लिए बादाम लाया है, ताकि विभाग उसकी गुम फाइल को याद कर सके।” युवक का यह अनोखा अंदाज़ वहां मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।
मामला नामांतरण से जुड़ा है। तरुण साहू का कहना है कि उसने करीब एक साल पहले रिसेल में EWS फ्लैट खरीदा था, लेकिन अब तक उसे नामांतरण के दस्तावेज नहीं मिले। उसका आरोप है कि विभाग बार-बार फाइल गुम होने की बात कहकर उसे टालता रहा।
लगातार चक्कर काटने के बाद भी समाधान नहीं मिलने से परेशान युवक ने यह तरीका अपनाया, ताकि अधिकारियों का ध्यान उसकी समस्या की ओर जाए। इस दौरान किसी ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
इधर, मामले को गंभीरता से लेते हुए छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल ने कार्रवाई की है। कार्यपालन अभियंता (प्रभारी संपदा अधिकारी) एलपी बंजारे और संबंधित कॉलोनी प्रभारी पूनम बंजारे को आगामी आदेश तक नवा रायपुर अटल नगर स्थित मुख्यालय में उनके मूल पद पर संलग्न कर दिया गया है।
युवक ने इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग भी की है।






